logo

जियो का सफर: मुफ्त कॉलिंग से देश का सबसे बड़ा IPO बनने तक, कैसे बदली जियो की कहानी

Authored By HDFC SKY | Published at: Oct 21, 2026 09:57 AM IST

जियो का सफर: मुफ्त कॉलिंग से देश का सबसे बड़ा IPO बनने तक, कैसे बदली जियो की कहानी

Open Free Demat Account

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy

मुंबई, 21 अक्टूबर: जियो प्लेटफॉर्म्स इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लेकर सुर्खियों में है। कंपनी 21 अक्टूबर को ₹30,213 करोड़ रुपए की आईपीओ ला रही है। जियो प्लेटफॉर्म्स को 2019 में शुरू किया गया था। यह एक डिजिटल सर्विस और टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो अपनी सब्सिडियरी कंपनी रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के जरिए डिजिटल सेवाएं देती है। 31 मार्च, 2026 तक, कंपनी और उसकी सब्सिडियरी कंपनियों के 52.4 करोड़ से ज्यादा कस्टमर थे। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, जियो प्लेटफॉर्म की प्रमोटर कंपनी है। IPO से पहले, रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास जियो प्लेटफॉर्म की 66.43% हिस्सेदारी है।

इसकी कंज्यूमर सेवाओं में मोबाइल और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, डिजिटल एंटरटेनमेंट, गेमिंग, क्लाउड स्टोरेज, स्मार्ट-होम सेवाएं और डिजिटल एप्लिकेशन शामिल हैं। इसके प्लेटफॉर्म में माई जियो (MyJio), जियो टीवी और जियो सावन (JioTV+ JioSaavn), जियो गेम्स (JioGames) और जियो एआई क्लाउड (JioAICloud) शामिल हैं।

कंपनी एंटरप्राइज ग्राहकों के लिए कनेक्टिविटी, क्लाउड सर्विसेज, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), यूनिफाइड कम्युनिकेशन, मैनेज्ड सर्विस, सिक्योरिटी सॉल्यूशन्स और प्राइवेट 5G सर्विस उपलब्ध कराती है।

कुछ साल पहले शुरू हुआ जियो प्लेटफॉर्म्स देश का सबसे बड़ा IPO लेकर आ रहा है। तो आइए जानते हैं कैसे इतने कम समय में एक बिजनेस आइडिया ने पहले भारत में इंटरनेट की दुनिया बदल दी और फिर धीरे-धीरे हर एक क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है।

ईशा के निजी अनुभव से आया जियो का विचार

रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड, जो आमतौर पर जियो के नाम से पॉपुलर है। यह भारत की एक मोबाइल नेटवर्क कंपनी है, जिसका मालिकाना हक रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के पास है। इस कंपनी के तौर पर 15 फरवरी 2007 में गुजरात के अहमदाबाद में रजिस्टर किया गया। लेकिन इसकी असली नींव कुछ सालों बाद पड़ी।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मालिक मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी का निजी अनुभव इस क्रांति की वजह बना। दरअसल, ईशा अंबानी येल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही थीं और साल 2011 में कॉलेज की छुट्टियों में घर आई थीं। छुट्टियों के दौरान उन्हें अपना एक कॉलेज असाइनमेंट जमा करना था लेकिन खराब इंटरनेट की वजह से उन्हें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने इसकी शिकायत अपने पिता से की और फिर यही से शुरू हुआ एक ऐसा बिजनेस आइडिया, जिसने भारत में इंटरनेट की दुनिया बदल दी। साल 2015 में शुरू हुआ ये डिजिटल नेटवर्क आज देश नहीं दुनिया के सबसे बड़े मोबाइल डेटा नेटवर्क बन चुका है।

4G पर दांव, जियो ने चुनी अलग राह

साल 2010 के 4G स्पेक्ट्रम नीलामी में देश के सभी 22 टेलीकॉम सर्किल में ब्रॉडबैंड वायरलेस सेवाओं के लिए इन्फोटेल ब्रॉडबैंड सर्विसेज लिमिटेड (IBSL) स्पेक्ट्रम हासिल करने वाली एकमात्र कंपनी थी। जून 2010 में रिलायंस इंडस्ट्री ने 4,800 करोड़ रुपए में इन्फोटेल ब्रॉडबैंड सर्विसेज लिमिटेड की 95% हिस्सेदारी खरीद ली। तीन साल बाद यानी जनवरी 2013 में IBSL का नाम बदलकर रिलायंस जियो इन्फोकॉम कर दिया गया।

ये भी पढ़ें: जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को संस्थागत निवेशकों से मिली 2.5 लाख करोड़ रुपये की बोलियां

कंपनी ने शुरुआत से ही अपनी रणनीति को बाक़ी कंपनियों से आगे रखा और 2G या 3G नेटवर्क के बजाए सीधे 4G LTE नेटवर्क को टारगेट किया। वॉयस कॉल सुविधा में भी जियो ने वॉयस ओवर LTE यानी VoLTE पर काम करने का सोचा। हालांकि, ये फैसला मुश्किल था क्योंकि उस वक्त भारत में न तो डिजिटल दौरे की शुरुआत हुई थी और न ही VoLTE को सपोर्ट करने वाली मोबाइल फोन व्यापक रूप से उपलब्ध थे। लेकिन तभी कंपनी ने रिस्क लिया।

5 साल की तैयारी के बाद बीटा लॉन्च

कंपनी ने पांच साल की पूरी तैयारी के बाद साल 2015 में बीटा लॉन्च किया। शुरुआत में कंपनी नेटवर्क और सेवाओं को परखने के लिए जियो की सेवाएं सीमित लोगों को इस्तेमाल करने के लिए दी गईं। सीमित लोगों में कंपनी ने अपने पार्टनर, स्टॉक और उनके परिवार वालों को शामिल किया।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के फाउंडर धीरूभाई अंबानी की 83वीं जयंती से ठीक एक दिन नवी मुंबई स्थित रिलायंस कॉरपोरेट पार्क में एक ग्रैंड लॉन्च पार्टी रखी गई। इस ग्रैंड इवेंट को बॉलीवुड एक्टर और उस वक्त जियो के ब्रांड एंबेसडर शाहरुख खान ने इवेंट को होस्ट किया। शाहरुख के अलावा म्यूजिशियन ए.आर. रहमान, रणबीर कपूर समेत कई सेलिब्रिटीज शामिल हुए। इसके अलावा 35 हजार से अधिक कर्मचारी एक हजार से अधिक जगहों से ऑनलाइन बीटा लॉन्च कार्यक्रम का हिस्सा बने।

मुफ्त कॉलिंग और मुफ्त इंटरनेट ने बदला बाजार

साल 2015 में कुछ लोगों को सेवाएं देने के बाद 5 सितंबर 2016 को जियो की कमर्शियल सर्विस लॉन्च हुई। इसके जरिए कंपनी ने आम लोगों के लिए भी सेवाएं शुरू कर दीं। कंपनी ने शुरुआत में मुफ़्त अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और 4G डेटा और मैसेजिंग की सुविधा दी। इसका नतीजा ये हुआ कि लोगों ने जियो की सर्विस को हाथों-हाथ लिया। पहले ही महीने जियो ने 1.16 करोड़ ग्राहकों को जोड़ने का ऐलान किया। महज 85 दिनों में ये आंकड़ा 5 करोड़ पार कर गया।

साल 2017 के फरवरी में यह आंकड़ा, 10 करोड़ और अक्टूबर में 13 करोड़ तक पहुंच गया। गौरतलब हो कि मार्केट में पहले से मौजूद एयरटेल, वोडाफोन और आइडिया जैसी कंपनियों को इस नंबर तक पहुंचने में 13 साल का समय लगा था। बाद में कंपनी ने सर्विस के लिए चार्ज करना शुरू किया लेकिन तब भी उसकी कीमत बाकियों के मुकाबले कम रही।

जियो की इस रणनीति का असर मोबाइल इंटरनेट की मार्केट पर भी पड़ा। मार्केट में पहले से मौजूद सभी कंपनियों ने ग्राहकों को जोड़ने के लिए अपनी दरें को घटाना शुरू कर दिया। जियो के आने के बाद से  भारतीय टेलीकॉम इंडस्ट्री में कंपल्शन नजर आने लगा। कम कीमत, सस्ते डेटा और मुफ़्त कॉलिंग ने दूसरी कंपनियों को अपनी रणनीति बदलने पर मजबूर कर दिया।

टेलीकॉम से आगे बढ़कर डिजिटल सेवाओं का विस्तार

जियो ने मोबाइल इंटरनेट की दुनिया में अपनी धाक जमाने के बाद डिजिटल सर्विस की तरफ रुख किया। साल 2017-2021 के बीच कंपनी ने मोबाइल कनेक्टिविटी के साथ एंटरटेनमेंट, म्यूजिक, ई-कॉमर्स जैसे एरिया में अपने ग्राहकों को अलग-अलग सेवाएं उपलब्ध कराईं। जैसे- लाइव टीवी चैनल के लिए JioTV, फिल्म और दूसरे वीडियो कंटेंट की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए JioCinema, म्यूजिक के लिए JioSaavn, वीडियो कॉंफ्रेंसिंग के लिए JioMeet, ऑनलाइन शॉपिंग के लिए JioMart।

इसके अलावा, कंपनी ने हार्डवेयर के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए जियो फोन लॉन्च किया, जो एक फीचर फोन था और 4G VoLTE तकनीक पर कॉलिंग कर सकता था। इसका मकसद भी लोगों को इंटरनेट से जोड़ना था, जिन्होंने पहले कभी मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं किया था।

फिर 2018 में कंपनी ने जियो फाइबर की सेवा शुरू की। इसके जरिए कंपनी ने घरों तक फाइबर नेटवर्क के माध्यम से तेज इंटरनेट पहुंचाना शुरू किया। इसका असर भी बाकी कंपनियों पर देखने को मिला और उन्होंने ने भी अपनी सर्विस को बेहतर किया।

5G और AirFiber से लगाई अगली छलांगा 

1 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस में भारत में 5G सेवा की शुरुआत की। रिलायंस जियो और भारती एयरटेल शुरुआती कंपनियों में शामिल थीं, जिन्होंने व्यावसायिक तौर पर 5G सेवाएं शुरू कीं। जियो ने 5 अक्टूबर को दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में अपना True 5G नेटवर्क शुरू किया। 2022 के अंत तक कंपनी ने ज्यादातर शहरों में 5G सेवाएं पहुंचा दी थीं। कंपनी ने दावा किया कि मार्च 2023 तक 365 शहरों में जियो की 5G सेवा उपलब्ध हो गईं। अगस्त 2023 तक यह नेटवर्क सात हजार से ज्यादा शहरों और कस्बों तक पहुँच गया। इस तरह जियो का 5G नेटवर्क दुनिया में सबसे तेजी से विस्तार करने वाले नेटवर्कों में शामिल था।

ये भी पढ़ें: टाटा संस की पब्लिक लिस्टिंग: RBI के दबाव के बीच आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन की समीक्षा शुरू

इसके अलावा कंपनी ने Jio AirFiber शुरू किया। साल 2023 में रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना बैठक में मुकेश अंबानी ने इसकी घोषणा की थी। यह एक फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस सेवा थी, जिसमें 5G रेडियो सिग्नल के जरिए घरों तक तेज इंटरनेट पहुंचाया जाना था। इसके लिए हर घर तक फाइबर केबल बिछाने की जरूरत नहीं होती। सितंबर 2025 तक जियो एयर फाइबर के लगभग 95 लाख ग्राहक बन गए थे।

मनोरंजन की दुनिया में भी जियो का विस्तार 

फरवरी 2024 में रिलायंस इंडस्ट्रीज, वायकॉम 18, द वॉल्ट डिज़्नी कंपनी ने वॉयकॉम 18 और स्टार इंडिया के कारोबार को मिलाकर एक ज्वाइंट वेंचर बाइंडिंग एग्रीमेंट पर साइन किया। इसी साल नवंबर में यह डील पूरी हुई और इसके साथ ही जियो स्टार नाम की नई मीडिया कंपनी बनी। इसमें रिलायंस की हिस्सेदारी 63.16% और 36.4% हिस्सेदारी डिज़्नी के पास गई। नीता अंबानी इस नई कंपनी की चेयर पर्सन हैं।

14 फरवरी 2025 को जियो स्टार ने अपनी दोनों स्ट्रीमिंग सेवाओं JioCinema और डिज्नी+हॉटस्टार को मिलाकर जियो हॉटस्टार यानी एक ही मंच शुरू किया। इस नए प्लेटफ़ॉर्म पर पहले दोनों पुरानी सेवाओं का कंटेंट एक साथ लाया गया। इसके अलावा, नए प्लेटफॉर्म पर भारतीय फिल्म, विदेशी फिल्म, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL), इंटरनेशनल क्रिकेट जैसे लाइव खेल, ओरिजनल  सीरीज और बच्चों के कार्यक्रम उपलब्ध कराए जाने लगे।

लॉन्च के पहले तीन महीने में ही प्लेटफॉर्म को 60 करोड़ यूजर्स मिल गए, जिसमें 30 करोड़ भुगतान करने वाले सब्सक्राइबर थे। सब्सक्राइबर के आधार पर यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्ट्रीमिंग मंच बन गया।

जियो प्लेटफॉर्म का फाइनेंशियल परफॉर्मेंस

जियो में कुल ग्राहकों की संख्या 52.4 करोड़ से ज्यादा हो गई है। इस तरह से कंपनी न सिर्फ भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉम ऑपरेटर है, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में भी शामिल है। भारत के मोबाइल बाजार में कमाई के लिहाज से भी जियो की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है।

वहीं, जियो प्लेटफॉर्म ने फाइनेंशियल ईयर 2026 में 1,49,759.10 करोड़ रुपए की कुल इनकम बताई, जबकि फाइनेंशियल ईयर 2025 में यह 1,29,333 करोड़ रुपए थी। यह लगभग 16% की बढ़ोतरी है।

कंपनी को टैक्स के बाद मुनाफा भी बढ़ा। फाइनेंशियल ईयर 2025 के 26,120.30 करोड़ रुपए से बढ़कर फाइनेंशियल ईयर 2026 में 30,052.70 करोड़ रुपए हो गया, जो लगभग 15% की बढ़ोतरी है।

इसी तरह कंपनी का EBITDA फाइनेंशियल ईयर 2025 के 64,170 करोड़ रुपए से बढ़कर फाइनेंशियल ईयर 2026 में 76,255.40 करोड़ रुपए हो गया। 31 मार्च 2026 तक, कंपनी ने 6,15,594 करोड़ रुपए की संपत्ति थी। कंपनी की नेटवर्थ 3,34,013.40 करोड़ रुपए रही, जबकि कुल उधार 70,781 करोड़ रुपए था।

डिस्क्लेमर:
HDFC SKY में हम समाचार और बाज़ार‑संबंधित सामग्री को संकलित और प्रस्तुत करते समय अत्यंत सावधानी और पूर्ण परिश्रम बरतते हैं। इसके बावजूद, अनजाने में कुछ त्रुटियाँ या चूक हो सकती हैं। यदि आपको हमारी किसी सामग्री में कोई चिंता, प्रश्न, या असंगति दिखाई दे, तो कृपया हमें content@hdfcsec.com पर लिखें। कृपया ध्यान दें कि यह जानकारी केवल शैक्षिक और सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए साझा की गई है। इसमें किसी भी प्रकार की निवेश सलाह या सिफ़ारिश शामिल नहीं है।

Open Free Demat Account

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy

Desktop BannerMobile Banner

Invest Anytime, Anywhere

Get it on Google PlayGet it on App Store

Open Free Demat Account Online

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy