logo

Gold Rate Today, 5 November, 2026: धनतेरस के पहले सोने की कीमतों ने पकड़ी रफ्तार! 5 दिन में 24 कैरेट के दाम ₹3,930 बढ़े, जानें ताजा भाव

Authored By HDFC SKY | Published at: Nov 5, 2026 10:11 AM IST

Gold Rate Today, 5 November, 2026: धनतेरस के पहले सोने की कीमतों ने पकड़ी रफ्तार! 5 दिन में 24 कैरेट के दाम ₹3,930 बढ़े, जानें ताजा भाव

Open Free Demat Account

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy

मुंबई, 05 नवंबर : धनतेरस के पहले, सोने की कीमतों में एक बार फिर तेजी का रुख दिखाई दे रहा है। आज गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को घरेलू बाजार में सोना मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आया। वायदा बाजार से लेकर दिल्ली के हाजिर सर्राफा बाजार तक कीमतों में बढ़त दर्ज की गई है। खास बात यह है कि दिल्ली में सोने का भाव एक ही कारोबारी सत्र में 4,800 रुपये चढ़ गया। वहीं, खुदरा बाजार में भी 24, 22 और 18 कैरेट सोने की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।

इस तेजी के बीच खरीदारों के लिए यह जानना जरूरी है कि सोने का कौन-सा भाव किस बाजार से जुड़ा है। दरअसल, MCX का वायदा भाव, दिल्ली का हाजिर भाव और खुदरा बाजार में मिलने वाला सोना अलग-अलग आधार पर तय होता है। इसलिए केवल एक कीमत देखकर खरीदारी का फैसला करना सही नहीं होगा।

MCX पर सोना हल्की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा

इस बीच मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज 5 नवंबर को 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 1,43,293 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। पिछले कारोबारी दिन के मुकाबले इसमें करीब 59 रुपये यानी 0.04% की मामूली तेजी दर्ज की गई। हालांकि, यह बढ़त बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन इससे संकेत मिलता है कि वायदा बाजार में सोने की कीमतों को फिलहाल कुछ समर्थन मिल रहा है।

आज, खुदरा कीमतों के आंकड़ों में भी बढ़ोतरी का रुख दिख रहा है। Goodreturns.in के अनुसार 5 नवंबर को भारत में 24 कैरेट सोने की कीमत 14,281 रुपये प्रति ग्राम, 22 कैरेट की 13,091 रुपये और 18 कैरेट की 10,711 रुपये प्रति ग्राम रही। वहीं, MCX का भाव अलग है, क्योंकि वहां सोने के वायदा सौदों की ट्रेडिंग होती है। दोनों बाजारों के भावों की तुलना करते समय इस अंतर को ध्यान में रखना जरूरी है।

खुदरा बाजार में 24 कैरेट सोना ₹1.42 लाख के करीब

आज खुदरा बाजार में सोने की कीमतों को देखें तो 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने का भाव 1,42,810 रुपये दर्ज किया गया है। इसी तरह 22 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत 1,30,910 रुपये और 18 कैरेट सोने की कीमत 1,07,110 रुपये है। ये दरें टैक्स और मेकिंग चार्ज से पहले की हैं। ज्वेलरी खरीदते समय इन कीमतों के अलावा GST और मेकिंग चार्ज भी जुड़ेंगे, इसलिए दुकान पर अंतिम बिल इससे अधिक हो सकता है।

सोने की शुद्धता प्रति ग्राम कीमत 10 ग्राम की कीमत
24 कैरेट ₹14,281 ₹1,42,810
22 कैरेट ₹13,091 ₹1,30,910
18 कैरेट ₹10,711 ₹1,07,110

यहां बता दें कि, 24 कैरेट सोना सबसे शुद्ध माना जाता है, जबकि गहने बनाने के लिए आमतौर पर 22 और 18 कैरेट सोने का इस्तेमाल होता है। इसकी वजह यह है कि इन दोनों में दूसरी धातुएं मिलाई जाती हैं, जिससे गहनों को मजबूती मिलती है। इसलिए खरीदारी करते समय सिर्फ कीमत नहीं, बल्कि कैरेट और हॉलमार्क की जानकारी भी जरूर जांचें।

दिल्ली में आज सोना ₹4,800 महंगा

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 5 नवंबर को दिल्ली के हाजिर बाजार में सोने की कीमत 4,800 रुपये बढ़कर 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इस भाव में सभी टैक्स और स्थानीय शुल्क शामिल हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,073.90 डॉलर प्रति औंस पर रहा।यह बढ़त घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की मजबूत मांग और कीमतों में तेजी को दिखाती है।

ये भी पढ़ें– एम्बेसी डेवलपमेंट्स का दूसरी तिमाही में घाटा बढ़कर 271 करोड़ रुपये

बड़े शहरों में सोने के भाव

इसके साथ ही, देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिल रहा है। आज 5 नवंबर को चेन्नई में तीनों कैरेट के भाव अन्य प्रमुख शहरों के मुकाबले थोड़े अधिक रहे। दिल्ली में भी कीमतें मुंबई और कोलकाता से कुछ ऊपर दर्ज की गईं।

शहर 24 कैरेट (₹/ग्राम) 22 कैरेट (₹/ग्राम) 18 कैरेट (₹/ग्राम)
चेन्नई ₹14,292 ₹13,101 ₹10,736
मुंबई ₹14,281 ₹13,091 ₹10,711
दिल्ली ₹14,296 ₹13,106 ₹10,726
कोलकाता ₹14,281 ₹13,091 ₹10,711

गौरतलब है कि, शहरों के बीच यह अंतर स्थानीय मांग, परिवहन खर्च और बाजार की स्थिति के कारण हो सकता है। इसके अलावा ज्वेलरी दुकानों पर मेकिंग चार्ज भी अलग-अलग हो सकता है। इसलिए गहने खरीदने से पहले अपने शहर के एक से अधिक ज्वेलर्स से रेट और अंतिम बिल की जानकारी लेना बेहतर रहेगा।

चार दिनों में सोना 2.83% चढ़ा

देखा जाए तो, नवंबर की शुरुआत से अब तक सोने की कीमतों में कुल मिलाकर तेजी रही है। जहां 1 नवंबर को 24 कैरेट सोने का भाव 13,888 रुपये प्रति ग्राम था, जो आज 5 नवंबर को बढ़कर 14,281 रुपये हो गया। इस तरह पांच दिनों में कीमत 393 रुपये प्रति ग्राम बढ़ी है। 10 ग्राम के हिसाब से देखें तो यह करीब 3,930 रुपये की बढ़त है।

22 कैरेट सोने में भी ठीक  इसी तरह तेजी दर्ज की गई। 1 नवंबर को इसकी कीमत 12,730 रुपये प्रति ग्राम थी, जो अब 13,091 रुपये हो गई है। यानी इस अवधि में 361 रुपये प्रति ग्राम की बढ़ोतरी हुई है।

तारीख 24 कैरेट (₹/ग्राम) 22 कैरेट (₹/ग्राम)
1 नवंबर ₹13,888 ₹12,730
2 नवंबर ₹13,937 ₹12,775
3 नवंबर ₹13,964 ₹12,800
4 नवंबर ₹14,280 ₹13,090
5 नवंबर ₹14,281 ₹13,091

इन आंकड़ों से साफ है कि जारी नवंबर के शुरुआती दिनों में सोने की कीमत लगातार ऊपर गई है। हालांकि बीते 4 नवंबर को आई बड़ी बढ़त के बाद 5 नवंबर को तेजी काफी सीमित रही। यानी पिछले दिन की तुलना में आज खुदरा भाव में प्रति ग्राम सिर्फ एक रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

अक्टूबर के निचले स्तर से ऊपर आया सोना

जानकारी हो कि, बीते अक्टूबर के आखिरी दिनों में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली थी। 31 अक्टूबर को 24 कैरेट सोने का भाव 13,888 रुपये प्रति ग्राम और 22 कैरेट का भाव 12,730 रुपये प्रति ग्राम था। वहीं, नवंबर की शुरुआत से कीमतों में सुधार हुआ है और 5 नवंबर तक दोनों श्रेणियों में तेजी दर्ज की गई है।

अक्टूबर के उपलब्ध आंकड़ों में 24 कैरेट सोने का सबसे ऊंचा भाव 15,142 रुपये प्रति ग्राम 10 अक्टूबर को था। वहीं महीने का निचला स्तर 13,888 रुपये प्रति ग्राम 31 अक्टूबर को दर्ज किया गया था । इसी तरह, 22 कैरेट सोने की कीमत भी 10 अक्टूबर को 13,880 रुपये प्रति ग्राम के ऊंचे स्तर पर थी और 31 अक्टूबर को गिरकर 12,730 रुपये पर आ गई थी।

इससे पता चलता है कि नवंबर में आई तेजी के बावजूद सोना अभी अक्टूबर के शुरुआती और मध्य हिस्से के ऊंचे स्तर से नीचे है। यानी हालिया बढ़त को देखते हुए यह कहना जल्दबाजी होगी कि सोने ने अपनी पिछली ऊंचाई फिर हासिल कर ली है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी रहेगी नजर

यहां बता दें कि, भारत में सोने की कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर पड़ता है। डॉलर में सोने का भाव, रुपये और डॉलर की विनिमय दर, आयात लागत और घरेलू मांग जैसे कारक यहां कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। आज 5 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,073.90 डॉलर प्रति औंस पर बताया गया है।

अब अगर वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में तेजी बनी रहती है, तो घरेलू बाजार में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। हालांकि रुपये की चाल और स्थानीय बाजार की स्थिति के कारण भारत में कीमतों में उतार-चढ़ाव अलग हो सकता है। इसलिए निवेशकों और खरीदारों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों के रुझान पर नजर रखनी चाहिए।

खरीदारी से पहले इन बातों का रखें ध्यान

इधर सोने की कीमतों में तेजी के बीच गहने खरीदने की योजना बना रहे लोगों को जल्दबाजी में फैसला नहीं करना चाहिए। सबसे पहले यह तय करें कि खरीदारी निवेश के लिए है या इस्तेमाल के लिए। निवेश के उद्देश्य से सोना खरीदने और शादी या किसी खास मौके के लिए गहने खरीदने की जरूरत अलग-अलग हो सकती है।

इसके साथ ही, ज्वेलरी खरीदते समय हॉलमार्क और शुद्धता की पुष्टि करें। 22 कैरेट और 18 कैरेट के गहनों की कीमत 24 कैरेट सोने से कम होती है, लेकिन इनमें सोने की मात्रा भी अलग होती है। बिल में सोने का वजन, कैरेट, प्रति ग्राम दर, मेकिंग चार्ज और GST का विवरण जरूर देखें। इससे खरीदारी के बाद कीमत को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं रहेगा।

निवेश के नजरिये से सोने की कीमतों में आई तेजी को देखकर पूरी रकम एक साथ लगाने के बजाय अपनी जरूरत, समय और जोखिम क्षमता को ध्यान में रखना बेहतर है। इसके लिए,  HDFC Sky जैसे डिजिटल निवेश प्लेटफॉर्म बाजार से जुड़ी जानकारी समझने और उपलब्ध निवेश विकल्पों पर नजर रखने में मदद कर सकते हैं। लेकिन, किसी भी निवेश से पहले उसके जोखिम और लागत को समझना जरूरी है। फिर, सोने की कीमतें भी घट-बढ़ सकती हैं, इसलिए इसमें मुनाफे की कोई गारंटी नहीं होती।

डिस्क्लेमर:

HDFC SKY में हम समाचार और बाज़ार‑संबंधित सामग्री को संकलित और प्रस्तुत करते समय अत्यंत सावधानी और पूर्ण परिश्रम बरतते हैं। इसके बावजूद, अनजाने में कुछ त्रुटियाँ या चूक हो सकती हैं। यदि आपको हमारी किसी सामग्री में कोई चिंता, प्रश्न, या असंगति दिखाई दे, तो कृपया हमें content@hdfcsec.com पर लिखें। कृपया ध्यान दें कि यह जानकारी केवल शैक्षिक और सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए साझा की गई है। इसमें किसी भी प्रकार की निवेश सलाह या सिफ़ारिश शामिल नहीं है।

Open Free Demat Account

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy

Desktop BannerMobile Banner

Invest Anytime, Anywhere

Get it on Google PlayGet it on App Store

Open Free Demat Account Online

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy