logo

INR vs USD Rate, November 13, 2026: रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 94.20 प्रति डॉलर पर

Authored By PTI | Published at: Nov 13, 2026 05:06 PM IST

INR vs USD Rate, November 13, 2026: रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 94.20 प्रति डॉलर पर

Open Free Demat Account

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy

मुंबई: अमेरिकी डॉलर में मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी के बीच शुक्रवार को रुपया आठ पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.20 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिका में महंगाई के उम्मीद से अधिक रहने, अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड पर प्रतिफल बढ़ने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की सख्त मौद्रिक नीति संबंधी टिप्पणियों से डॉलर मजबूत हुआ है। इससे ब्याज दरों में आगे और बढ़ोतरी की आशंका मजबूत हुई है।

मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका में बॉन्ड प्रतिफल और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में अधिक बढ़ोतरी की संभावना से रुपये पर दबाव बना रह सकता है। इसके अलावा, डॉलर की मजबूती और अमेरिकी परिसंपत्तियों का अधिक आकर्षक होना उभरते बाजारों से विदेशी पूंजी की नई निकासी का कारण बन सकता है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.07 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.05 के उच्चस्तर तक गया और 94.28 के निचले स्तर तक आया। कारोबार के अंत में यह 94.20 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले आठ पैसे की गिरावट है।

रुपया बृहस्पतिवार को 41 पैसे टूटकर 94.12 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक (जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘रुपये में गिरावट आई और यह लगभग 0.22 प्रतिशत टूटकर 94.23 के स्तर पर आ गया। डॉलर सूचकांक के 103 के पार जाने से रुपये पर दबाव बना रहा।’’

त्रिवेदी ने कहा कि पिछले कुछ सत्रों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार खरीदारी से रुपये को कुछ समर्थन मिला है, लेकिन डॉलर की मजबूती और भू-राजनीतिक तनाव के कारण बाजार का रुख सतर्क बना हुआ है। ऐसे में रुपये का कारोबार 93.85 से 94.60 के दायरे में रह सकता है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत बढ़कर 103.16 पर पहुंच गया।

सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के प्रबंध निदेशक अमित पाबरी ने कहा कि बृहस्पतिवार को डॉलर में खासी मजबूती आई और डॉलर सूचकांक 0.29 प्रतिशत बढ़कर 103.17 पर पहुंच गया, जो करीब 19 महीने का उच्च स्तर है। उन्होंने कहा कि बाजार अब दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दर बढ़ाए जाने की 85 प्रतिशत संभावना मानकर चल रहा है।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव वायदा कारोबार में 0.37 प्रतिशत गिरकर 95.47 डॉलर प्रति बैरल पर था।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 318.56 अंक लुढ़ककर 81,592.45 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 155.05 अंक टूटकर 25,144.30 अंक पर बंद हुआ।

अस्वीकरण: यह लेख PTI की ऑटो-पब्लिश्ड (स्वचालित) फीड से लिया गया है। इसमें HDFC Sky की टीम द्वारा कोई संपादन या बदलाव नहीं किया गया है।

Open Free Demat Account

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy

Desktop BannerMobile Banner

Invest Anytime, Anywhere

Get it on Google PlayGet it on App Store

Open Free Demat Account Online

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy