logo

Share Market Today: बाजार खुलते ही मची भगदड़! 7 मिनट में निवेशकों को ₹2.83 लाख करोड़ की चपत

Authored By HDFC SKY | Published at: Nov 13, 2026 11:26 AM IST

Share Market Today: बाजार खुलते ही मची भगदड़! 7 मिनट में निवेशकों को ₹2.83 लाख करोड़ की चपत

Open Free Demat Account

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy

मुंबई, 13 नवंबर: शेयर बाजार में लगातार तीन दिनों की तेजी के बाद अब आज शुक्रवार, 13 नवंबर को जोरदार बिकवाली देखने को मिली। करीब दो साल बाद खुदरा महंगाई दर के 6 फीसदी के पार पहुंचने, बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में दोबारा तेजी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी।

आज कारोबार की शुरुआत से ही बाजार पर दबाव रहा और शुरुआती सात मिनट में ही निवेशकों की करीब 2.83 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति घट गई। सेंसेक्स एक समय 600 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी में भी 225 अंकों तक की गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि, शुरुआती गिरावट के बाद बाजार ने कुछ रिकवरी की कोशिश की। वहीं, सुबह 10 बजे के आसपास भी दोनों प्रमुख सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। बीएसई सेंसेक्स 176.36 अंक यानी 0.22 फीसदी गिरकर 81,734.65 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 में 79.90 अंक यानी 0.32 फीसदी की गिरावट आई और यह 25,219.45 के स्तर पर पहुंच गया।

बीते गुरुवार को सेंसेक्स 81,911.01 और निफ्टी 25,299.35 पर बंद हुए थे। लगातार तीन सत्रों की तेजी के बाद निवेशकों ने कुछ शेयरों में मुनाफा निकालना शुरू किया। इससे प्रमुख सूचकांकों पर दबाव बना।

इंडेक्स 12 नवंबर का बंद स्तर 13 नवंबर सुबह 10 बजे बदलाव
BSE Sensex 81,911.01 81,734.65 -0.22%
Nifty 50 25,299.35 25,219.45 -0.32%
Nifty MidCap — — -0.63%
Nifty SmallCap — — -0.43%

आज बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र के शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव दिखाई दिया है। एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और श्रीराम फाइनेंस जैसे शेयरों में बिकवाली रही। दूसरी ओर, कुछ आईटी और फार्मा शेयरों ने बाजार को संभालने की कोशिश की।

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई। ब्रेंट क्रूड फिर 95 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह करीब 92 डॉलर तक आ गया था। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने को लेकर अब तक कोई ठोस समझौता नहीं होने से तेल बाजार में फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है।

ये भी पढ़ें- Silver Rate Today, November 13, 2026: छठ से पहले चांदी खरीदने वालों के लिए जरूरी खबर, नवंबर में सबसे निचले स्तर पर भाव

सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा फिसला, निफ्टी भी टूटा

जानकारी दें कि, शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स की शुरुआत 81,833.78 के स्तर पर हुई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 81,911.01 पर बंद हुआ था। कारोबार के शुरुआती दौर में बिकवाली तेज हुई और सेंसेक्स 610.55 अंक तक टूटकर 81,300.46 पर पहुंच गया।

हालांकि, निचले स्तरों पर कुछ खरीदारी आने से सूचकांक ने नुकसान की भरपाई की। आज सुबह 9:44 बजे सेंसेक्स करीब 240 अंक गिरकर 81,670.89 पर कारोबार कर रहा था। यानी शुरुआती निचले स्तर से इसमें लगभग 350 अंकों की रिकवरी देखने को मिली।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी दबाव में रहा। इसकी शुरुआत 25,209.85 के स्तर पर हुई थी। कारोबार के दौरान यह 225 अंक तक फिसलकर 25,077.55 पर पहुंच गया। वहीं, यह भी सुबह 9:45 बजे निफ्टी करीब 100 अंकों की गिरावट के साथ 25,200.60 पर कारोबार कर रहा था। इस तरह निफ्टी ने भी दिन के निचले स्तर से वापसी की कोशिश की।

सात मिनट में निवेशकों के ₹2.83 लाख करोड़ घटे

शुरुआती बिकवाली का असर शेयर बाजार के कुल बाजार पूंजीकरण पर भी दिखाई दिया। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप पिछले कारोबारी सत्र में 5,12,27,177.05 करोड़ रुपये था। शुक्रवार को कारोबार शुरू होने के कुछ ही मिनटों में यह घटकर 5,09,44,186.57 करोड़ रुपये पर आ गया।

इस तरह शुरुआती सात मिनट में बाजार पूंजीकरण में 2,82,990.48 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई। इसका मतलब है कि इस दौरान निवेशकों की कुल संपत्ति में करीब 2.83 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। हालांकि, यह शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार पूंजीकरण में आई कमी है, पूरे कारोबारी दिन का नुकसान नहीं है।

छोटे शेयरों में भी बिकवाली

बाजार में कमजोरी का असर केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रहा। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। सुबह के कारोबार में निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.63 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 0.43 फीसदी नीचे था।

खबर लिखे जाने तक, बाजार की चौड़ाई भी कमजोर रही। यानी बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों की संख्या गिरावट वाले शेयरों से कम रही। इससे संकेत मिलता है कि निवेशक चुनिंदा शेयरों में ही खरीदारी कर रहे हैं और व्यापक बाजार में फिलहाल सतर्कता बनी हुई है।

बैंकिंग और ऑटो शेयरों पर दबाव

आज शुक्रवार को ब्याज दरों से प्रभावित होने वाले सेक्टरों में ज्यादा कमजोरी दिखी। बैंकिंग, ऑटो, रियल्टी और फाइनेंशियल सर्विसेज से जुड़े शेयरों में बिकवाली रही। HDFC Bank, Mahindra & Mahindra, Shriram Finance और InterGlobe Aviation जैसे शेयर प्रमुख सूचकांकों पर दबाव डालने वाले शेयरों में शामिल रहे।

फिलहाल महंगाई बढ़ने से ब्याज दरों में कटौती की संभावना पर असर पड़ सकता है। इसका असर उन कंपनियों और क्षेत्रों पर ज्यादा पड़ता है, जिनका कारोबार कर्ज और ब्याज दरों से सीधे जुड़ा होता है। बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में आई कमजोरी को इसी नजरिए से देखा जा रहा है।

फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में खरीदारी

जहां ज्यादातर सेक्टर लाल निशान में थे, वहीं आज फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों ने बाजार को कुछ सहारा दिया। Cipla, Dr. Reddy’s Laboratories और Max Healthcare जैसे शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। इसके अलावा ONGC और SBI में भी चुनिंदा निवेशकों की दिलचस्पी रही।

आमतौर पर बाजार में इस प्रकार की अनिश्चितता बढ़ने पर निवेशक कुछ ऐसे क्षेत्रों की ओर रुख करते हैं, जिनकी मांग आर्थिक परिस्थितियों में बदलाव के बावजूद बनी रहती है। फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में दिखी मजबूती को इसी संदर्भ में देखा जा सकता है।

महंगाई ने बढ़ाई ब्याज दरों की चिंता

गौरतलब है कि, बाजार के लिए सबसे अहम घरेलू संकेत अक्टूबर की खुदरा महंगाई दर रही। भारत की खुदरा महंगाई बढ़कर 6.09 फीसदी पर पहुंच गई, जो करीब दो साल का ऊंचा स्तर है। महंगाई में इस तेजी से रिजर्व बैंक के लिए फिलहाल ब्याज दरों में जल्द कटौती करना मुश्किल हो सकता है।

दरअसल देखा गया है कि, जब महंगाई ऊंचे स्तर पर रहती है, तो केंद्रीय बैंक कीमतों को नियंत्रित करने पर ज्यादा ध्यान देता है। ऐसे में कर्ज सस्ता होने की उम्मीद टल सकती है। इसका असर घर, वाहन और कारोबार के लिए कर्ज लेने वालों के साथ-साथ ब्याज दरों पर निर्भर कंपनियों पर भी पड़ता है। बाजार इसी संभावना को ध्यान में रखकर प्रतिक्रिया दे रहा है।

विदेशी निवेशकों की खरीदारी से मिला सहारा

आज बाजार में गिरावट के बावजूद विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी है। बीते गुरुवार के कारोबारी सत्र में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय शेयर बाजार में 7,830.60 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। इसके साथ ही उनकी खरीदारी का सिलसिला लगातार नौवें कारोबारी सत्र तक पहुंच गया।

हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इसी सत्र में 6,331.17 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने बाजार को कुछ समर्थन जरूर दिया, लेकिन घरेलू संस्थानों की बिकवाली और महंगाई की चिंता के कारण तेजी का माहौल नहीं बन पाया।

कच्चा तेल और रुपये पर नजर

वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 95.69 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ था। कच्चे तेल की कीमतें भारत के लिए अहम हैं, क्योंकि देश अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है। तेल महंगा रहने से आयात खर्च बढ़ सकता है और महंगाई पर भी इसका दबाव बन सकता है।

दूसरी ओर, आज शुक्रवार को भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले करीब 94.04 के स्तर पर खुला। मुद्रा बाजार में स्थिरता और कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव आने वाले सत्रों में निवेशकों के लिए अहम संकेत रहेंगे।

निफ्टी के लिए 25,200 का स्तर अहम

डेरिवेटिव बाजार के आंकड़ों में निफ्टी के 25,200 और 25,300 के स्तर पर कॉल ऑप्शन की अच्छी पोजिशन दिखाई दे रही है। वहीं, 25,100 के स्तर पर पुट ऑप्शन में ज्यादा ओपन इंटरेस्ट है। निफ्टी का पुट-कॉल अनुपात (PCR) करीब 1.02 है।

ऐसे में इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि बाजार में फिलहाल एक सीमित दायरे में कारोबार की उम्मीद की जा रही है। हालांकि, ऑप्शन चेन के स्तर बाजार की दिशा की गारंटी नहीं देते। महंगाई, विदेशी निवेश और वैश्विक संकेतों के आधार पर बाजार में तेजी से बदलाव भी हो सकता है।

निवेशकों के लिए सतर्कता जरूरी

आज शुक्रवार की शुरुआती गिरावट यह दिखाती है कि लगातार तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली स्वाभाविक है। ऐसे समय में निवेशकों को जल्दबाजी में फैसले लेने के बजाय कंपनियों के नतीजों, मूल्यांकन और बाजार के संकेतों पर ध्यान देना चाहिए।

इसके लिए HDFC Sky जैसे निवेश प्लेटफॉर्म बाजार की हलचल, शेयरों के प्रदर्शन और निवेश से जुड़े विकल्पों को समझने में मदद कर सकते हैं। निवेशकों के लिए यह उपयोगी है कि वे एक ही दिन की तेजी या गिरावट के आधार पर फैसला न लें और अपने निवेश लक्ष्य तथा जोखिम उठाने की क्षमता को ध्यान में रखें।

फिलहाल शुक्रवार 13 नवंबर को सुबह 10 बजे तक बाजार में दबाव बना हुआ था। महंगाई के ऊंचे आंकड़े, मुनाफावसूली और ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता निवेशकों के रुख को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में, आगे बाजार की दिशा तय करने में विदेशी निवेशकों की गतिविधियां, कच्चे तेल के भाव और वैश्विक बाजारों के संकेत अहम रहेंगे।

डिस्क्लेमर:

HDFC SKY में हम समाचार और बाज़ार‑संबंधित सामग्री को संकलित और प्रस्तुत करते समय अत्यंत सावधानी और पूर्ण परिश्रम बरतते हैं। इसके बावजूद, अनजाने में कुछ त्रुटियाँ या चूक हो सकती हैं। यदि आपको हमारी किसी सामग्री में कोई चिंता, प्रश्न, या असंगति दिखाई दे, तो कृपया हमें content@hdfcsec.com पर लिखें। कृपया ध्यान दें कि यह जानकारी केवल शैक्षिक और सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए साझा की गई है। इसमें किसी भी प्रकार की निवेश सलाह या सिफ़ारिश शामिल नहीं है।

Open Free Demat Account

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy

Desktop BannerMobile Banner

Invest Anytime, Anywhere

Get it on Google PlayGet it on App Store

Open Free Demat Account Online

By signing up I certify terms, conditions & privacy policy